Monday, 2 October 2017

क्या सुशांत सिन्हा मोदी जी के हरकारे हैं या रवीश के प्रति किसी पूर्वाग्रह से ग्रस्त हैं ?



मेरे सामने दो ख़त हैं - एक रवीश का जो उन्होंने अपने प्रधानमंत्री को एक नागरिक की हैसियत से लिखा था और दूसरा सुशांत सिन्हा का जिन्होंने रवीश के प्रधानमंत्री को लिखे पत्र का जवाब दिया है |

क्या आप किसी के किसी को लिखे पत्र का जवाब दे सकते हैं ? मैं सवाल आपसे करूँ और जवाब देने कोई तीसरा आये तो उसे क्या मानूं ? ये भी सही है कि भारत के प्रधानमंत्री के पास इतना टाइम नहीं कि वो रवीश जैसे मामूली पत्रकार के मामूली से पत्र के जवाब के लिए समय निकाले ! ये मसला पत्र लिखने वाले और पत्र पाने के वाले के बीच का था !

खैर ! अगर आपने पत्र नहीं पढ़ा हो तो एक दो मसले बता देती हूँ |

रवीश ने लिखा कि उनको धर्म रक्षति रक्षित: नाम के उस व्हाट्स ग्रुप में जबरदस्ती जोड़ा जा रहा है जिसके कई एडमिन हैं और उनमें से कइयों को प्रधानमंत्री जी सहित कई अन्य माननीय फॉलो करते हैं |
इस ग्रुप द्वारा उनको मारने , खींचने , अश्लील हरकतें करने तक की अभद्र टिप्पणियां की हैं ! एक अन्य महिला पत्रकार को भी परेशान किया जा रहा है | रवीश ने इस वार्तालाप के कई स्क्रीन शॉट भी दिए हैं और उनके नाम भी बताये हैं !

इसी में वे आगे लिखते हैं कि उनको धमकी दी जा रही है कि वे नौकरी से निकाले जाएंगे ! इस पूरे पत्र में रवीश ने अन्य किसी मुद्दे का जिक्र तक नहीं किया है |

दूसरा खत जो मुझे नहीं पता कि सुशांत बाबू ने किस हैसियत से लिखा है , में लिखा है की --

पहला - आपने अपने स्वर्गीय पिता से अपने आत्मिक रिश्ते को सार्वजनिक करने की धृष्टता की !

दूसरा -आप बेवजह डर रहे हैं यानि जो धमकियां मिल रही हैं उनको रवीश को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए ! वे ऐसा कर रहे हैं तो इसलिए कि आप प्रसिद्धि चाहते हैं ! वे खुद को अहमियत ना दें उनके रहने या जाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा !

तीसरा - नौकरी जाए तो जाए आपकी बीबी खूब कमाती हैं और अब तक जितना कमाया उससे आप सड़क पर नहीं आएंगे !

आपने फलां को देखकर शीशा बंद कर लिया , मेरे लिये मैनेजिंग एडिटर को चिट्ठी क्यों नहीं लिखी !

पत्र के आखिर में तथाकथित पत्रकार सुशांत जी बीमार रवीश के स्वस्थ्य होने की कामना कर रहे हैं !

मैं हैरान हूँ और विचलित भी और विश्वास से कह रही हूँ पत्र का जवाब देने वाला या उसका कोई अपना उसी धर्म रक्षति रक्षित: का सदस्य होगा जो रवीश , बरखा , राजदीप को मारो - खींचो -पटको के साथ सम्पूर्ण परम् अश्लीलता के उन्माद के नारे लगा रहा है !

आप जिस भी दल /विचारधारा का समर्थन करते हैं वो आपके व्यक्तित्व में झलकने लगती है और अंततः वह संस्था या तो आप जैसी हो जाती है या आप उसके जैसे हो जाते हैं !

यदि आप सोचते हैं कि असहमति का अंत गौरी लंकेश जैसा होना चाहिए या असहमति का बलात्कार करना चाहिए तो आप उस भी उस उन्मादी भीड़ का हिस्सा बनने जा रहे हैं या बन बन चुके हैं जिसको जीवन के मूलभूत प्रश्नों से कोई सरोकार नहीं है | आप चुप रहें और जयजयकार करके चमत्कार का इंतज़ार जब तक करें जब कि कोई आपका अपना सवाल करने के जुर्म में अपनी नौकरी नहीं खो देता या चौराहे पर मारा नहीं जाता |

यदि आप ऐसा नहीं सोचते हैं और मानते हैं कि पत्रकार का काम आंकड़ों की बाजीगरी का सच सामने लाना है ताकि आपका पैसा आपके काम आये , ताकि आप ये जान सकें कि आपने जिनको चुना था वो क्या सही क्या गलत कर रहे हैं तो समझिये कि टीवी में परोसी जाने वाली भायँ - भायँ केवल मरीचिका है , बचना चाहते हैं और अपना तर्क बचाये रखना चाहते हैं तो टीवी देखना बंद कर दीजिये | धार्मिक उन्माद से बचिए और समझिये कि एक पूरी इंडस्ट्री है जो ये फरेब लिखती है ,आपको जोड़ती है और आंकड़ों के मायाजाल से भरमा के पेट्रोल की बढ़ती कीमतों , फिसलती नौकरियों के सवाल से दूर कर रही है |

बाकि तो आप जो चाहे जो सोचें , जो चाहे करें कौन रोक सकता है !

दोनों के पत्रों के लिंक आपको दे रही हूँ केवल ब्लॉग के संदर्भ के लिए !

रवीश का पत्र जो प्रधानमंत्री जी के लिए था -
https://www.facebook.com/RavishKaPage/posts/706573349540815


सुशांत सिन्हा का प्रत्युत्तर -
http://www.sushantsinha.news/%E0%A4%AC%E0%A5%80%E0%A4%AE%E0%A4%BE%E0%A4%B0-%E0%A4%B0%E0%A4%B5%E0%A5%80%E0%A4%B6-%E0%A4%95%E0%A5%81%E0%A4%AE%E0%A4%BE%E0%A4%B0-%E0%A4%95%E0%A5%87-%E0%A4%A8%E0%A4%BE%E0%A4%AE/


Sunday, 24 September 2017

उम्मीदें रखें पर उनकी कैद स्वीकार ना करें

एक आस , एक उम्मीद हर किसी को रहती है , सबसे भी और खुद से भी | इसी उम्मीद ने रिश्ते बना दिए और तोड़ भी दिए , इसी उम्मीद ने  साँसों को थामे रखा और साँसों की डोर तोड़ भी दी | उम्र गुजर जाती है ,खुद को दिलासा दिए रहने में कि एक दिन सब ठीक हो जाएगा , न वो वक्त कभी आता है ना सांसे उस वक्त के और इंतज़ार की मोहलत देती हैं | 

अजब बेरोजगारी है इस उम्मीद की जो खत्म ही नहीं होती | रात आती है तो हजार सवाल लिए , क्या होगा -कैसे होगा -ना हुआ तो क्या होगा .......और भी ना जाने कितने बेसिर पैर के सवालों का जखीरा खुल जाता है ! सामने उम्मीद फिर अदालत लगा के बैठ जाती है , दावों -वादों और कहानियों की गवाही होती है ! रात बीतने लगती है ,गवाह सब ऊंघते हुए सो जाते हैं | दिन उग आता है , अपनी शाखाओं पर हजार उम्मीदों के फूल लिए........ मन बावरा फिर चल पड़ता है ,चुनता है धूप और पिरोता है छाहं |  निकल पड़ता है किसी खरीददार के इंतज़ार में कि कोई उसकी मेहनत का , उसके प्रेम का सही मूल्यांकन तो कर सके |  
अंततः उम्मीद को गिरवी रख फिर एक बार हकीकत को घर लाया जाता है | माना कि पेट उम्मीदों से नहीं भरता , ना तन उम्मीद से ढका जा सकता है, तो भी,  वो ना हो तो ना मन भरता है,  न तन मानता है | 

इस उम्मीद का तिलिस्म तोडना मुश्किल है लेकिन इस उम्मीद को जीना रगों में ऑक्सीजन के बहने जैसा है इसलिए उम्मीद कायम रखिये और वही कीजिये जो सबको सुख दे और आपको आत्म संतुष्टी ! आप किसी की उम्मीदों को शतप्रतिशत  पूरा नहीं कर सके , ना वे आपकी उम्मीदों पर हर बार खरे उतरेंगे इसलिए शिकायतों के फेर में ना पड़ें , ना खुद से खुद की शिकायत करें ना दूसरों से उम्मीदें पालें !

उम्मीदें रखें पर उनकी कैद स्वीकार ना करें क्यूंकि जिन्दगी के आपने उसूल हैं , आप उसके पार नहीं जा सकते !

Tuesday, 30 May 2017

आज़ाद कीजिये खुद को नई पुरानी तल्खियों से ........

खुद को कैद रखना आज़ाद कर देने से ज़्यादा आसान होता है ! कभी लम्हों की कैद में ,कभी  सांसों की कैद में......हमे हमेशा सलाखें ही चाहिए होती हैं ,शायद इसीलिए कि हम भी उसी में खुद को सुरक्षित महसूस करने लगते हैं और कभी इसलिए कि वो हमारी जरूरत हो जाती हैं और कभी इसलिए कि उसी में एक दुनिया उग आती है ,वो दुनिया जिसमें हम हैं पर नहीं हैं !

बहुत लोग मिले , हर किसी के पास अपना कैदखाना है , कोई अपनी खुशी से कैद है और कोई दूसरों की ख़ुशी के लिए उसमें कैद है ! रूह भी कैद है और सांसे तो खैर हैं ही ! हाड का पिंजर भी अपने भीतर कितनी जिंदगियां समेटे है |

जिसके पास घड़ी दो घड़ी बैठ जाओ , उनके भीतर से शिकायतों का दरिया बहने लगता है ! हर किसी को महसूस होता है कि उसे छला जा रहा है , सबको सबसे शिकायतें हैं ! अंतहीन सिलसिला है ! ऐसे बहुत कम लोग मिले जो कहते हैं कि उसे जिंदगी से कोई शिकायत नहीं हैं , कुछ कह भी देते हैं तो अगले ही पल ऐसे सवालों की झड़ी लगा देते हैं जो जिंदगी की "क्यों " पर ही खत्म होती है !

मेरे पास किसी सवाल का कोई जवाब नहीं सिर्फ अपने अनुभव हैं ! उसी से कहती हूँ कि जिंदगी जितने भी सवाल करती है उन सब सवालों के जवाब हमारे ही कर्म हैं ,कुछ इस जन्म के कुछ पिछले जन्मों के ! दोष किसी का नहीं ! जो किया वो पाया तो शिकायत क्या कीजे !

जीना चाहते हैं और खुश रहना चाहते हैं तो शिकायतों की पोटली को इश्क के दरिया में बहा आइये ! आज़ाद कीजिये खुद को नई पुरानी  तल्खियों से और नए कलेवर में अपनी उम्र को एक बार फिर आईने के सामने संवरते देखिये !

 मन एक खूबसूरत किताब है जिसमें उन सुनहरे लम्हों की अनगिनत कहानियां हैं जो जीवन को अधिक अर्थपूर्ण बनाती हैं ...... तो फिर क्यों उन लोगों ,घटनाओं और समय की कैद का स्ववरण किया जाये जो जीवन को ही नष्ट कर रही हैं !

जिंदगी का हाथ थामिये और और चल पड़ें  नए रास्तों और अनजान चेहरों के बीच ,शायद वहां आप खुद को खोज  पाएं !


Sunday, 26 March 2017

रोमियो का खत ,प्राउड इंडियन जी के नाम !

प्रिय प्राउड इंडियन जी ,

मेरा नाम रोमियो है।  मेरा जन्म उस शेक्सपियर की कथा में हुआ था जो भारत से हजारों  मील दूर जब रची गयी, जब आप पैदा भी नहीं हुए थे। 

मेरा गुनाह सिर्फ इतना था कि मैंने उसको प्रेम किया जिसके परिवार एक दूसरे से नफरत करते थे पर इतनी सदियों के बाद , अब मेरा गुनाह ये हो गया कि मैंने प्रेम किया था। दो परिवार आपस में नफरत करें तो भी कीमत प्रेम को चुकानी पड़ती है , दो मुल्क आपस में नफरत करें तो भी कीमत प्रेम को ही चुकानी पड़ती है। अब धर्म और जाति तो मैं जानता नहीं क्योंकि उस उम्र में प्रेम में पड़ा जिस उम्र में नफरत के बीज उगने शुरू हो जाते हैं। 
मैं उस मौसम की पैदावार नहीं था , यही मेरा गुनाह था !

मैं आपके इस खूबसूरत देश कभी आया नहीं तो इस मुल्क के  छिछोरों की पहचान कैसे बन गया ? मैंने कभी किसी को छेड़ा नहीं फिर भी मैं भारतीय मनचलों का ब्रांड एम्बेसेडर बन गया ?  इस दुनिया में क्या प्रेम करना और छेड़ना एक समान ही है ?

मैंने जूलियट से प्रेम किया और उसी से शादी भी की। मैं उसको छोड़ के भागा नहीं और उसके साथ जीवन भर रहने की चाह लिए उसके साथ मर भी गया पर जाने दीजिये, जब आपके नेता ही आपके आदर्श हैं तो इसे आप नहीं समझेंगे !

मेरी पीड़ा बस इतनी सी है कि चार सदी गुजरने के बाद भी दुनिया नफरतों के भँवर में उलझी है और प्रेम करने वाले कल भी मारे जा रहे थे और आज भी मारे जा रहे हैं। आप सियासत करने वाले हैं आपको प्रेम और छिछोरेपन में अंतर करना कठिन लगता होगा , ये मैं समझता हूँ

मैं भारत के उन सभी युवाओं से अपील करता हूँ कि मैं रोमियो हूं , प्रेम करने वाला रोमियो ! मनचला -लड़कियों पर फब्ती करने और स्नूपिंग वाला रोमियो नहीं ! मुझे समझें और मेरे नाम को उस प्रेम के साथ ही जोड़ें जो हर जाति -धर्म और हर दीवार से परे सिर्फ प्रेम करना जानता था। मैनें जूलियट के साथ मरते दम तक अपना प्रेम निभाया ,यही मेरी संस्कृति और यही मेरा धर्म था। 

माननीय प्राउड इंडियन जी भारत आपका देश है , उसे चाहें जैसा बनाएं , जिसे चाहें उठायें , जिसे चाहें घसीटें ,पर मुझे बख्श दें। मैं मेरी जूलियट के साथ उस स्वर्ग में हूँ  जहां सिर्फ प्यार बरसता है। डंडों ,लातो और जेल की सलाखों का यहाँ कोई भय नहीं इसलिए मेरे नाम का दुरूपयोग ना करें। 
आपको आपकी नफरत मुबारक , मुझे मेरे प्रेम  की दुनिया में रहने दीजिये  !

 नमस्कार !

निवेदनकर्ता   
" रोमियो "

Sunday, 4 December 2016

जाड़ों की शाम है

जाड़ों की शाम है
धूप का सिमटना
दिन का सिकुड़ना
रात का फैलना
अदरखी चाय में
तीखी हवा
तुम्हारी बातों
गुलाबी शरारतों का
घुलना और जम जाना
नम होना
आंखों के कोरों का
कोई जाड़ा याद आना
तुम्हारी वार्डरोब हो जाना
बर्फ संग
तुम्हारा खेलना
मुझे लंबे से खत भेजना
अब सब
जाड़ो की शाम है
वही एक मौसम
वही एल्पस
वही ठंड
इस छोर से उस छोर तक
बची रह गयी
केवल जाडों की शाम
वही एक शाम....



तुम मेरी शाम हो ,जंगल वाली शाम !

जंगल में शाम का ढलना अजीब अजीब सा शोर पैदा कर देता है। इस डूबने का अपना मजा है और इस शोर में भीतर की खामोशी को तोड़ने का हुनर है ...... एक साथ इतनी आवाजें कि पहचान ही न सको कि कौनसी भीतर की है और कौनसी बाहर की ! कुछ दरकने की, कुछ संवरने की ,कुछ सुनी - कुछ अनसुनी सी। परिंदे घर लौट रहे हैं , अपनी-अपनी शाख को पहचान रहे हैं ,अपने नीड़ के लिए सामान ला रहे हैं ,कुछ सपने बुन रहे हैं और कुछ थक के जो भी भी मिला, उसी में गुनगुना रहे हैं।

दूर धुआं उठ रहा है , चूल्हा जला होगा। कोई वहां भी लौटा होगा ....... झील ने सूरज में हाथ डुबो दिए और उसको अपनी रोशनी दी है...... पानी पर लौ तैर रही है। उधर क्षितिज पर एक तारा है.....  बुलाने आया है औरों को भी ,आ जाओ ,खेलने का समय हो गया है। सही भी है ना ,लकड़ियां बीनती औरत को घर लौटने का इशारा करना भी तो उसी का काम है। वही बताएगा कि और संगी आ जायें , उसके पहले लौट जाओ।  वही रास्ते भर उनका ख्याल रखेंगे और उनको उनके घर लौटने तक पगडंडी की आवाज़ को भी जिलाये रखेंगे। 

शाम कहीं भी हो ,जंगल में हो या कम्प्यूटर के सामने बन्द कमरे में ...... अपने साथ एक एहसास लाती है। भूख जगने लगती है। भूख, उन ख्वाबों की जो दिन देखता है और भूख उन ख्वाहिशों की जो कैलेंडर सी दीवार पर टंगीं है .......

कितनी ही शामें गुजर गयीं , सालों में तब्दील होती चली गयीं और मैं उन्हें लम्हों की तलाश में शाम से सुबह ,सुबह से फिर शाम में बदलती चली गयी। मुझे शामों ने सिखाया है कि कोई भी शाम वैसी नहीं होती जैसी कल थी ,जैसी अब है और ये भी कि मैं कल भी वैसी ही थी और आज भी वैसी ही हूं जैसी कल थी। उसमें और मुझमें इतना सा रिश्ता है कि मैं उसके साथ उतनी सी बदलती हूं, जितना कि सूरज के ढलने और उगने का भरम होता है। कोई सोता है तो मान लेता है कि सूरज डूब गया ,कोई जाग गया तो मान लेता है कि उग गया। 

शामें इसी दुविधा का नाम हैं ! क्या मानूं ? अब जो भी हैं अजीज़ हैं मुझे ,जंगल की इस शाम जैसी !

सुनो ,तुम मेरे कितना करीब हो आज भी। बिलकुल इस शाम जितना ...... मेरे ख्वाब ,मेरी ख्वाहिशें सब तुमसे वाबस्ता हैं। इतना सा करम रखना बस ......तुम भी मेरे हिस्से के सितारे बस मेरे ही रखना ...... हर रात मेरे ही आंचल में उंडेलने के लिए , हर रात चांद मेरे ही सिराहने हो...... मैं वैसे ही लौटती रहूं तुममें !

तुम मेरी शाम हो ,जंगल वाली शाम ! मुझमें बसे रहना..... ताल किनारे चाँद के डूबने तक !








Friday, 2 December 2016

जंगल और ताल ..... गजब का पागलपन है मुझमें !

जंगल में हूँ। उम्मीदों का जंगल ,ख्वाहिशों का जंगल , अमरबेल से लिपटे ख्वाब ,पेड़ दर पेड़ -झाडी दर झाडी...... ये पगडंडी किसी के कदमों से बनी है पर नहीं पता कि किस ओर ले जा रही है। ऐसे रास्तों को भी चुन लेना चाहिये जो किसी नामालूम सी जगह पर ले जाएँ , जिसका पता सिर्फ और सिर्फ आपको ही पता हो। पैरों के नीचे सूखे पत्तों की चरमर और बदन को छूकर गुजरती दिसम्बर की हवा ...... जंगल में और क्या चाहिए !

तालाब को झुक कर चूमते पेड़ और उनपर इठलाती सुनहरे पंखों वाली तितलियां..... एक और बार -एक और बार के स्पर्श के आनंद में डूबे पाखी , छपाक से पानी पर उतरते हैं और फुर्र से उड़ जाते हैं। जो उसे नहीं छू पा रहे वो उसमें खुद को देख रहे हैं .... वो टुकड़ा गुजर रहा है न बादलों का , हां  वही जिसको देख महसूस होगा कि आसमान में हिरन भागा जा रहा है ! हां वही .....  ताल में कुलांचे भर रहा है।

कुछ उलझ गया झाड़ियों में , कदम ठिठके तो याद आया और मुस्कुरा दी ! ताल ....... मुझे मुक्त नहीं करेगा शायद ! शायद कभी नहीं .... करेगा भी कैसे ? अब मैं ही वो जंगल हूँ जो उस ताल के किनारे उग आयी हूँ और धीरे धीरे फैलती जा रही हूं , घनी और गहरी होती जा रही हूँ। मुझमें कितनी पगडंडियां बन गयी हैं ,कितने वजूद मेरे ही मुझमें लापता हो गए हैं।

मुझे अच्छा लगता है ,कभी ताल को पेड़ बन चूमना और कभी उसके इर्दगिर्द उग के जंगल हो जाना ! मेरी आवारगी ने मुझे उसके आसपास ही समेट दिया है..... हर एक सफर में उसके साथ सैंकड़ों सफर करती हूं। जिंदगी हर बार किसी फूलों से लदी डाल को मेरे रास्ते पर झटक देती है और मैं फिर से इश्क़ की खुशबू से लबरेज उसके इश्क़ में नंगे पैर दौड़ पड़ती हूं।

जंगल और ताल .....  गजब का पागलपन है मुझमें ! अब जो भी है इश्क़ में सब जायज है... जंगल हो जाना भी और ताल हो जाना भी !
आप भी इश्क़ में रहिये और खिलखलाते रहिये ! चलते रहिये !